गाजियाबाद। मुरादनगर देहात मंडल के सैंतली गांव में मुरादनगर विधानसभा विधायक अजितपाल त्यागी का प्रथम प्रवास संपन्न हुआ। इसके पश्चात उनका दूसरा प्रवास मनौली गांव में अनुसूचित समाज के कार्यकर्ता व शक्ति केंद्र संयोजक नीतिपाल व मदन जाटव के निवास पर रहा, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
तृतीय प्रवास मिल्क रावली गांव में संपन्न हुआ, जहां विधायक ने समाज के बुजुर्गों का माला पहनाकर सम्मान किया। इसके बाद युवाओं ने भी विधायक का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर के जीवन संघर्ष व योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही, प्रदेश सरकार के गत 8 वर्षों के कार्यकाल में हुए जनकल्याणकारी कार्यों, विकास योजनाओं और सामाजिक उत्थान की दिशा में किए गए प्रयासों की जानकारी दी।
इस अवसर पर विधायक अजितपाल त्यागी ने बताया "बाबा साहब डॉ. आंबेडकर ने हमें जो अधिकार और संविधान का अमूल्य उपहार दिया है, उसका सम्मान करते हुए हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में समानता, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर काम कर रही है, और हम इसी संकल्प के साथ हर वर्ग तक विकास पहुंचा रहे हैं।"
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विपिन चौधरी, जिला प्रतिनिधि मोहित त्यागी, पंकज त्यागी, सुनीत त्यागी एवं डॉ. सचिन उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment